अष्ट प्रहर हरि नाम संकीर्तन : हरे राम–हरे कृष्ण नाम यज्ञ बना भक्ति व आध्यात्मिक चेतना का महा-संगम

नवरंगपुर / रायघर . नवरंगपुर जिले के रायघर प्रखंड अंतर्गत बोबई पंचायत के बिरिपुर डीएनके (DNK) 31/बी ग्राम में 3 जनवरी 2026 को भव्य धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण के बीच अष्ट प्रहर “हरे राम, हरे कृष्ण” नाम यज्ञ का शुभारंभ हुआ, जो आज प्रातः काल सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस पावन आयोजन को लेकर समूचे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
नाम यज्ञ भगवान के नाम स्मरण एवं संकीर्तन के माध्यम से मानव मन को पवित्र करने का एक सरल एवं श्रेष्ठ आध्यात्मिक साधन माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार कलियुग में हरि नाम स्मरण ही सर्वोत्तम यज्ञ है। “हरे कृष्ण, हरे राम” महा मंत्र के निरंतर उच्चारण से मानव जीवन से अज्ञान, दुःख, अहंकार एवं पापभाव का नाश होता है तथा आत्मा का ईश्वर से सीधा संबंध स्थापित होता है।
अष्ट प्रहर नाम यज्ञ के दौरान लगातार आठ प्रहर (चौबीस घंटे) तक हरि नाम संकीर्तन, जप, मृदंग एवं करताल की मधुर ध्वनि से संपूर्ण वातावरण आनंदमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालु एवं भक्तजन अपने दैनिक कार्यों को त्यागकर भगवान के नाम में लीन नजर आए।
इस आयोजन में भक्तों की निष्काम सेवा, श्रद्धा एवं समर्पण विशेष रूप से सराहनीय रहा। किसी ने संकीर्तन में भाग लिया, तो किसी ने प्रसाद सेवा, सजावट, स्वच्छता एवं आयोजन की जिम्मेदारी निभाकर सामूहिक भक्ति एवं एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। ऐसे सामूहिक धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, शांति एवं मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलती है।
नाम यज्ञ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि मानव जीवन को सदमार्ग पर ले जाने वाला एक आध्यात्मिक प्रकाश स्तंभ है। इस प्रकार के भक्तिमय कार्यक्रम गांव-गांव में नैतिकता, शांति एवं आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *