अश्विन बने WTC के इतिहास के नंबर-1 गेंदबाज, नाथन लायन को पछाड़ हासिल किया ये मुकाम

टीम इंडिया के स्टार स्पिनर आर अश्विन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पुणे टेस्ट में उस समय इतिहास रचा जब उन्होंने कीवी बल्लेबाज विल यंग का विकेट लिया। इस विकेट के साथ वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर नाथन लायन को पछाड़ा है। डब्ल्यूटीसी में 189 विकेट के साथ अश्विन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं नाथन लायन 187 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर हैं।

पुणे टेस्ट में अभी तक न्यूजीलैंड ने तीन विकेट खोए हैं और यह तीनों ही विकेट आर अश्विन को मिले हैं। अश्विन ने सबसे पहले कीवी कप्तान टॉम लाथम का शिकार किया। अश्विन ने लाथम को LBW आउट किया। इसके बाद उन्होंने पंत के हाथों विल यंग और डेवोन कॉन्वे को कैच करा पवेलियन का रास्ता दिखाया।

अश्विन के लिए विल यंग का विकेट खास रहा, क्योंकि इस विकेट के दम पर ही वह डब्ल्यूटीसी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पहला स्थान हासिल करने में कामयाब रहे। हालांकि यह विकेट सरफराज खान के खाते में जाना चाहिए, क्योंकि उनकी सूझ-बूझ के चलते ही भारत को यह विकेट मिला। दरअसल, पंत कैच पकड़ने के बावजूद कन्फ्यूज थे कि बैट लगा है कि नहीं। मगर सरफराज को बैट की आवाज आई थी और उन्होंने रिव्यू के लिए कप्तान को मनाया। सरफराज की जिद्द ने भारत और अश्विन को वह अनमोल विकेट दिलाया।

लंच ब्रेक के बाद अश्विन ने अपना तीसरा शिकार खतरनाक दिख रहे डेवोन कॉन्वे के रूप में किया। कॉन्वे एक लूज शॉट खेलकर 76 के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। खबर लिखे जाने तक न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 150 के पार पहुंच चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *