दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बुधवार को घोषणा की कि राष्ट्रीय राजधानी की 1731 अनधिकृत कॉलोनियों में बिजली मीटर के लिए अब किसी एनओसी की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दस वर्षों के दौरान इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को सभी सुविधाएं देने का प्रयास किया गया है। दिल्ली भाजपा ने आतिशी की इस घोषणा पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा की दिल्ली यूनिट के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कच्ची कॉलोनियों में NOC वाला खेल तो आतिशी ने खुद शुरू किया था।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘आतिशी मार्लेना, अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी झूठ बोलने की मशीन हैं। आतिशी मार्लेना ने जो प्रेस वार्ता मुख्यमंत्री की है, वह दिखाता है कि राजनीति के गंदे खेल में AAP लोग माहिर हैं। जिन कच्ची कॉलोनियों में बिजली का कनेक्शन नहीं दिया जा रहा था, वह गंदा खेल लोकसभा चुनाव से पहले आतिशी मार्लेना ने बिजली मंत्री रहते हुए शुरू किया था। 1731 अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों को परेशान करने का काम AAP ने शुरू किया था।’
वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा, ‘हमारे सांसदों ने लोकसभा चुनाव में वादा किया था कि इस समस्या का समाधान करेंगे। भाजपा सांसदों ने माननीय उपराज्यपाल वीके सक्सेना से इस मुद्दे को लेकर मुलाकात की। भाजपा सांसदों ने केंद्र सरकार से आग्रह कर रोक हटवाई। जिन बिजली कंपनियों ने कालोनियों में एनओसी को बाध्य किया था, वे सभी आप के पॉवर डिस्कॉम की हैं और आप के मातहत आती हैं। आखिरकार केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद यह रोक हटी।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- केंद्र सरकार की मदद के बाद ही 6 अक्टूबर को बुराड़ी में कच्ची कॉलोनियों के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार भी प्रकट किया था। 6 अक्टूबर की तारीख को याद कर लीजिएगा। आतिशी मार्लेना, झूठ बोलने और काम करने में बहुत फर्क होता है। कच्ची कॉलोनियों की लड़ाई भाजपा ने लड़ी। इन कालोनियों को नियमित करने की घोषणा माननीय यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने की। दिल्ली वासियों ने आपके चरित्र को जान लिया है। AAP केवल दिल्ली को ठगने, लूटने और स्वार्थपूर्ति के लिए आए हैं।