अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश; लोगों ने लिक्विड फेंकने वाले को पकड़ कर पीटा-

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एकबार फिर हमले की कोशिश की गई है। घटना दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में पदयात्रा के दौरान हुई। बताया जाता है कि एक शख्स ने अरविंद केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंकने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हुए इस हमले के बारे में दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा नेता सभी राज्यों में रैलियां करते हैं, उन पर कभी हमला नहीं होता है। अरविंद केजरीवाल पर लगातार हमले हो रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा- भाजपा ने नांगलोई में उन पर हमला किया। छतरपुर में उन पर हमला हुआ। इसके साथ ही सौरभ भारद्वाज ने कानून व्यवस्था के मसले पर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और केंद्र सरकार और गृह मंत्री कुछ नहीं कर रहे हैं।

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने पंचशील पार्क इलाके में उस शख्स के परिवार से मुलाकात की, जिसकी हाल ही में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि पीड़ित का परिवार गहरे सदमे में है, क्योंकि घटना के पीछे का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं है। पूरी दिल्ली में व्यापारियों को जबरन वसूली के लिए फोन आ रहे हैं। दिल्ली में अपराध चरम पर है। शहर में गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *