T20 World Cup 2026 में रिकॉर्ड जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया का सफर खत्म, ओमान को बुरी तरह रौंदा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के 40वें एवं आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ विदा ली। ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 9 विकेट से हराकर मुकाबले को 62 गेंद शेष रहते आसानी से जीत लिया। हालांकि, इस जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड से बाहर हो गई है।

कैंडी के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के सामने ओमान के बल्लेबाज नतमस्तक हो गए। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान को शून्य के स्कोर पर ही पहला झटका लगा। शून्य के स्कोर पर पहला विकेट खोने वाली ओमान ने लगातार विकेट खोए और पूरी टीम 16.2 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।

ओमान के लिए वसीम अली शीर्ष स्कोरर रहे। वसीम ने 33 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 32 रन की पारी खेली। इसके अलावा, कप्तान जतिंदर सिंह ने 17, हम्माद मिर्जा ने 16 और करण सोनावाले ने 12 रन बनाए। चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दो अंक में प्रवेश नहीं कर पाया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जाम्पा एक बार फिर श्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे। दाएं हाथ के इस स्पिनर ने 3.2 ओवरों में 21 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा बल्ले से पूरे टूर्नामेंट में प्रभावहीन रहे ग्लेन मैक्सवेल ने 3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट लिए। जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। मार्कस स्टॉयनिस और नाथन एलिस ने 1-1 विकेट लिए।

जवाब में इस छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने तेजी रन बटोरने शुरू किए। 6 ओवर की समाप्ति के बाद ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाजों ने 73 रन बनाए। उसके बाद ऐसा लग रहा था कि बिना विकेट खोए ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत जाएगी। लेकिन 93 के स्कोर पर पहला झटका लगा। ट्रेविस हेड बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। ट्रेविस हेड ने 19 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली।

वहीं एक छोर पर मिचेल मार्श तेजी से खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। मिचेल मार्श ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए 33 गेंदों में नाबाद 64 रनों की पारी खेलकर मुकाबले को 62 गेंद शेष रहते आसानी से जीत लिया। जोश इंग्लिस ने नाबाद 12 रनों की पारी खेलकर मुकाबले को खत्म किया। ओमान के लिए एक मात्र विकेट शकील अहमद ने लिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप से विदाई ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *