एक्सिस माई इंडिया का इंडिया टुडे से करार खत्म, अब नए संस्थान के साथ करेगा सर्वे

जाने-माने पोलस्टर प्रदीप गुप्ता ने इंडिया टुडे के साथ अपनी नौ साल पुरानी साझेदारी समाप्त कर दी है। अब उनकी कंपनी ‘एक्सिस माई इंडिया’ हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनावों का एग्जिट पोल इंडिया टुडे समूह के साथ नहीं करेगी। हरियाणा के एक चरण में होने वाले चुनाव की वोटिंग 5 अक्टूबर को शाम 6 बजे समाप्त होगी, जिसके बाद एग्जिट पोल आने शुरू होंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर में 18, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में चुनाव कराए गए थे। दोनों राज्यों के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

प्रदीप गुप्ता ने 3 अक्टूबर को ट्वीट कर बताया कि एक्सिस माई इंडिया का एग्जिट पोल 5 अक्टूबर की शाम 6 बजे से ‘रेड माइक’ यूट्यूब चैनल पर दिखाया जाएगा। यह चैनल एनडीटीवी के पत्रकार संकेत उपाध्याय द्वारा चलाया जाता है। गौरतलब है कि प्रदीप गुप्ता की एक्सिस माई इंडिया ने 2024 के लोकसभा चुनाव तक इंडिया टुडे के साथ लंबे समय तक एग्जिट पोल में सहयोग किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविक नतीजों से काफी दूर थे, जिस पर गुप्ता लाइव टीवी पर भावुक हो गए थे।

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल अक्सर सटीक होते थे, हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उनकी भविष्यवाणी गलत साबित हुई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में एक्सिस माई इंडिया ने अनुमान लगाया था कि बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए 400 से अधिक सीटें जीत सकता है। एग्जिट पोल ने अनुमान लगाया था कि बीजेपी 322 से 340 सीटों के बीच जीत सकती है, लेकिन हकीकत में बीजेपी साधारण बहुमत से पीछे रह गई और एनडीए 293 सीटों पर सिमट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *