बनारस की रोशनी पर एक्शन, रेप की धमकी देने वाला आजाद, विनेश और लांबा का भाजपा पर हमला

कांग्रेस बनारस की रहने वाली रोशनी जायसवाल पर एक्शन को लेकर सोमवार को यूपी की भाजपा सरकार और पुलिस पर कई आरोप लगाए। कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस की नेता रोशनी जायसवाल के खिलाफ यूपी पुलिस मनमाने ढंग से कार्रवाई कर रही है। जबकि रोशनी को बलात्कार की धमकी देने वाला राजेश सिंह एफआईआर के बाद भी आजाद घूम रहा है। सोमवार को कांग्रेस की महिला इकाई की अध्यक्ष अलका लांबा ने ओलंपियन और विधायक विनेश फोगाट के साथ साथ मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा पर कई हमले किए। कहा कि कांग्रेस इस नाइंसाफी के खिलाफ है और रोशनी जायसवाल के साथ खड़ी है।

अलका लांबा ने संवाददाताओं से कहा हम आपको बेटी बचाओ का नारा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की बेटी रोशनी जयसवाल की आपबीती बता रहे हैं। राजेश सिंह नाम का एक शख्स चार साल से रोशनी का पीछा कर रहा है और बलात्कार की धमकियां दे रहा है। आज राजेश सिंह आजाद घूम रहा है, लेकिन रोशनी का परिवार जेल में है।

उन्होंने कहा कि रोशनी अपने 9 साल के बच्चे और बूढ़े मां-बाप के साथ दर-दर की ठोकरें खा रही है और न्याय की गुहार लगा रही है। अलका लांबा ने दावा किया कि बीएचयू में पढ़ने वाली छात्रा के साथ गैंगरेप में भाजपा के नेता शामिल थे। इस मामले के लचर पैरवी के कारण आरोपी जेल से रिहा भी हो गए। इसके बाद रोशनी ने इनके खिलाफ आवाज उठाई। रोशनी ने अनेक महिलाओं के हक के लिए उत्तर प्रदेश में आवाज उठाई, जिसका खामियाजा आज उसे झेलना पड़ रहा है।

लांबा ने राजेश सिंह के कई फेसबुक और एक्स पर लिखे गए पोस्ट दिखाते हुए कहा कि अगर आप राजेश सिंह का ट्विटर (एक्स) हैंण्डल देखेंगे तो उसमें महिलाओं को बलात्कार करने की धमकियां देने के सारे सबूत हैं। यह शख्स रोशनी को पिछले 4 साल से लगातार परेशान कर रहा था, जिसके बाद रोशनी वाराणसी के जिला अधिकारी से मिलकर शिकायत करती हैं, लेकिन कुछ नहीं होता। इसके बाद रोशनी अपने पति और भाई के साथ राजेश के घर गईं और दोनों में हाथापाई हुई।

हरियाणा विधानसभा की सदस्य और पूर्व महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि एक महिला, बेटी और विधायक होने के नाते मैं हर महिला को विश्वास दिलाती हूं कि जिस किसी को भी लगता है कि उसके साथ गलत हो रहा है, तो हम सभी उसके साथ खड़े हैं। जो आज रोशनी जायसवाल के साथ हो रहा है, वैसा ही हमारे साथ भी हुआ, क्योंकि हम अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि राजेश सिंह सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ गलत बातें लिखता रहा है, लेकिन भाजपा सरकार और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।”

युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रोशनी कुशल जायसवाल पर आरोप है कि कुछ दिन पहले भाजपा समर्थक राजेश सिंह के घर पहुंच कर मारपीट और बदसलूकी की थी। इसके बाद रोशनी और राजेश सिंह दोनों की तरफ से एफआईआर हुई। राजेश की एफआईआर पर रोशनी के पति, भाई समेत कई लोग गिरफ्तार कर लिए गए। रोशनी के हाजिर नहीं होने पर वाराणसी की अदालत ने कुर्की का आदेश जारी किया है। पुलिस ने इस मामले में अदालत के आदेश पर शुक्रवार को कांग्रेस नेत्री रोशनी जायसवाल के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। इसके बाद रोशनी का सोशल मीडिया में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मदद की अपील करती सुनी जा सकती हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *