बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में निकाली जा रही सनातन हिंदू एकता पदयात्रा के छठवें दिन झांसी के मऊरानीपुर में पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर हमला हो गया है। यात्रा के दौरान भीड़ में शामिल किसी शख्स ने बाबा बागेश्वर पर फूलों के साथ मोबाइल फेंक कर हमला करने का प्रयास किया। यह मोबाइल धीरेंद्र शास्त्री को सीधा जाकर लगा। उन्होंने मोबाइल अपने हाथ में उठाने के बाद कहा कि किसी व्यक्ति ने मुझ पर मोबाइल फेंका है1 मोबाइल मुझे मिल गया है। उन्होंने भक्तों से कहा कि वे आगे चलते रहें। यह यात्रा किसी भी कीमत पर रुकनी नहीं चाहिए।
बता दें कि बाबा बागेश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा ने एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया है। झांसी के देवरी गांव में पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का जबरदस्त स्वागत हुआ। झांसी के देवरी गांव में उनका जबरदस्त स्वागत किया गया. इस दौरान बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने संभल बवाल पर भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। धीरेन्द्र शास्त्री को यात्रा के दौरान मोबाइल से हुए हमले में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन इस हमले को गंभीर माना जा रहा है क्योंकि पूर्व में उन्हें धमकियां मिलती रही हैं।