बाबा रामदेव ने उठाए सवाल, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में तुर्की की भूमिका तो नहीं थी?

अहमदाबाद में प्लेन क्यों और कैसे क्रैश हुआ इसको लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच योग गुरु बाबा रामदेव ने साजिश की आशंका भी जाहिर की है। उन्होंने इस बात की जांच की मांग की है कि कहीं तुर्की में तो इसकी साजिश नहीं रची गई और ऐसा करके दुश्मनी तो नहीं निकाली गई है। गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद तुर्की के साथ तल्खी बढ़ गई थी। तुर्की इन दिनों पाकिस्तान का पक्का यार है।

रामदेव ने दिल्ली में शनिवार को एक कार्यक्रम से इतर न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में शक जाहिर किया और जांच की मांग की। उन्होंने कहा, ‘विमान हादसे के पीछे इस बात की भी दृष्टि होनी चाहिए, मुझे पता लगा है कि तुर्की की कोई एजेंसी मेंटिनेंस का काम करती है। एविएशन सेक्टर पर भारत को और नजर रखनी पड़ेगी। तुर्की ने कहीं दुश्मनी तो नहीं निकाली है इस माध्यम से। क्योंकि वहां की एजेंसी सर्विस मेंटिनेंस का काम करती थी। कहीं उसने तो साजिश नहीं रच दी है।’

यह कहे जाने पर कि उसका कांट्रैक्ट दो महीने पहले खत्म कर दिया गया था, बाबा रामदेव ने कहा कि इसलिए भारत को 100 फीसदी ऐसे संवेदनशील मामलों में विदेशी लोगों के हस्तक्षेप को खत्म करना पड़ेगा। करीब 265 लोगों की जान लेने वाले हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो, डीजीसीए, अहमदाबाद अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस सहित अन्य एजेंसियां ​​इस घटना की जांच में शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अधिकारियों ने भी शुक्रवार को मेघाणीनगर में दुर्घटनास्थल का दौरा किया था।

गुरुवार को लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में 242 लोग सवार थे लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह क्रैश होकर मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक यात्री को छोड़कर सबकी जान चली गई। आखिर टेकऑफ के एक मिनट के भीतर कैसे विमान के दोनों इंजन एक साथ बंद हो गए, यह जानकारों के लिए भी हैरानी का विषय है। हादसे के पीछे कई वजहों की अटकलें हैं। हालांकि, असली कारण तो जांच के बाद ही पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *