अमेरिका (USA) में हाल फिलहाल चुनाव का दौर चल रहा है. पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस चुनाव जीतने और सत्ता पाने के लिए अपना पूरा जोर लगा रहे हैं. दोनों की पार्टियां (डेमोक्रैटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी) अपने वोटर्स को मतदान के लिए बाहर निकलने को बोल रही हैं और दोनों तरफ से बयानबाजी का दौर जारी है. राष्ट्रपति चुनाव 5 नवंबर 2024 को होना है लेकिन उससे पहले ही करीब 21 मिलियन अमेरिकन लोगों एडवांस वोटिंग के जरिए अपना वोट डाल दिया है. यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के इलेक्शन लैब के डाटा के मुताबिक, करीब 7.8 मिलियन लोगों ने शुरुआती व्यक्तिगत तरीके से वोट डाला. वहीं, बाकी बचे 13.3 मिलियन लोगों ने मेल के द्वारा अपना वोट डाला है.
कुछ चुनावी एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका के चुनाव में कौन विजयी होगा, यह अमेरिका के सात प्रमुख राज्य तय करेंगे, जिसमें एरिजोना (Arizona), नेवादा (Nevada), विस्कॉन्सिन (Wisconsin), मिशिगन (Michigan), पेंसिल्वेनिया (Pennsylvania), नॉर्थ कैरोलीना (North Carolina) और जॉर्जिया (Georgia) शामिल हैं. यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के इलेक्शन लैब के डाटा की मानें तो सिर्फ 1.7 प्रतिशत एशियन अमेरिकन ही वोटिंग डेट से पहले वोट डालने गए हैं. हालांकि, काफी जगहों पर इंडियन अमेरिकन वोटिंग की लाइन में लगे हुए देखे गए हैं.
अमेरिका में अब तक 1.50 करोड़ लोग मतदान कर चुके हैं. यह मतदान 45 राज्यों में डाक के जरिए किया गया है. वोटिंग से पहले होने वाले मतदान को प्री पोल वोटिंग या एडवांस पोलिंग कहते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्जिया के एक-चौथाई लोगों ने वोट डाल भी दिया है. जॉर्जिया के सैक्रेटरी ऑफ स्टेट ऑफिस के मुताबिक, करीब 1.84 मिलियन से भी ज्यादा लोगों ने अपना वोट डाल दिया है. CBS न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में जॉर्जिया के राज्य सचिव स्टेट ब्रैड रैफेंसपर्गर ने बताया, ‘हम 1.4 मिलियन लोगों को वोट करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिन्होंने एडवांस वोटिंग की. हम लोग ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनते देख सकते हैं, जहां करीब 65-70 प्रतिशत जॉर्जिया के लोग शुरुआती वोटिंग करेंगे लेकिन उन सभी को खुली छूट है कि वो अपनी मर्जी से कैसे भी वोट करें.’
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी अपना वोट डाल दिया है. ओबामा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी है कि उन्होंने मेल के जरिए अपना वोट डाल दिया है.
इलेक्शन लैब के मुताबिक, इन-पर्सन वोटिंग मामले में 41.3 फीसदी रिपब्लिकन और 33.6 फीसदी डेमोक्रेट्स वोटर्स ने मतदान किया है. हालांकि, मेल बैलेट के मामले में दोनों ही पार्टियां रिपब्लिकन पार्टी (21.2 फीसदी) और डेमोक्रैटिक पार्टी (20.4 फीसदी) एक दूसरे को कड़ी टक्कर देती दिख रही हैं.
अनुभवी राजनीतिक पत्रकार मार्क हेल्पेरिन कहते हैं कि प्रमुख राज्य एडवांस वोटिंग के मामले में रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं. इसमें रिपब्लिकन सपोर्टर ज्यादा से ज्यादा वोट डालने जा रहे हैं.’
अमेरिका में चुनाव की तारीख से पहले वोटिंग करने का तरीका बाकी देशों से काफी अलग है. यहां वोटर डाक के जरिए अपना नाम लिखकर मतदान करते हैं. यह वोट वास्तविक चुनाव की तारीख पहले डाला जाता है. भारतीय आम चुनावों में जैसे वोटिंग से पहले करीब 36 घंटे पहले आचार सहिंता लागू कर दी जाती है. वहीं, अमेरिका में मतदान और प्रचार करीब चार हफ्तों तक चलता है.