बंगाली अभिनेत्री पायल मुखर्जी ने अपने ऊपर हमले का आरोप लगाया है। अभिनेत्री का दावा है कि शुक्रवार शाम कोलकाता में एक बाइक सवार ने उनकी कार में भी तोड़-फोड़ की। यह घटना उस वक्त हुई जब अभिनेत्री कार बाइक सवार से टकरा गई थी। घटना के तुरंत बाद पायल मुखर्जी ने अपने फेसबुक पेज पर लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी। यहां पर उन्होंने घटना के बारे में बताना शुरू किया और मदद मांगने लगीं। इसके बाद तमाम देखने वालों ने कोलकाता पुलिस को उनकी पोस्ट में टैग किया और हस्तक्षेप की मांग की। अपने फेसबुक लाइव में बेहद डरी हुई दिख रही अभिनेत्री ने कोलकाता में महिला सुरक्षा पर सवाल उठाया।
पायल मुखर्जी के मुताबिक यह घटना दक्षिणी कोलकाता के बेहद पॉश सदर्न एवेन्यू इलाके में हुई। दावा है कि बाइक सवार ने पहले पायल मुखर्जी की कार को रोक दिया। इसके बाद वह उनके ऊपर चिल्लाने लगा। आरोप है कि उसने कार की विंडोज पर मुक्का मारा और शीशा तोड़ दिया। पायल मुखर्जी का कहना है कि बाइक सवार ने उनके ऊपर हमला करने की भी कोशिश की। जानकारी होते ही कोलकाता पुलिस मौके पर पहुंची और उसने हमलावर बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया। अभिनेत्री ने टॉलीगंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बाइक सवार पर बाइकर पर धमकी देने, कार को नुकसान पहुंचाने और अभद्र भाषा का उपयोग करने का आरोप लगाया।
अभिनेत्री पायल मुखर्जी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गलत तरीके से रोकने, हमला करने, और आपराधिक धमकी के आरोपों में मामला दर्ज किया है। बाइक सवार की पहचान कमांड हॉस्पिटल में तैनात जूनियर कमीशंड अधिकारी एमआई अरासन के रूप में हुई है। अरासन ने भी पायल मुखर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि मुखर्जी बेहद लापरवाही से बाइक चला रही थी। यह भी आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपनी कार से अरासन की बाइक में टक्कर मारी। पुलिस दोनों शिकायतों की जांच कर रही है।