सरगुजा की रिफाइनरी में बड़ा हादसा, कोयले से भरा हॉपर गिरने पर तीन मजदूरों की मौत

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. दरअसल सरगुजा में एल्यूमिना रिफाइनरी में कोयले से भरा हॉपर गिरने से तीन श्रमिकों की जान चली गई जबकि एक शख्स घायल हो गया. 

पुलिस ने बताया कि लापता एक अन्य कर्मचारी का पता लगाने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी हैं. एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 11 बजे रघुनाथपुर पुलिस चौकी के तहत सिलसिला गांव में कुदरगढ़ी एल्यूमिना रिफाइनरी में हुई.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक कोयले से भरा एक स्टील टावर पर लगा हॉपर ढह गया और उसके नीचे काम कर रहे लोगों पर गिर गया. एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को इसकी सूचना दी गई जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया.

बता दें कि हॉपर एक प्रकार का उपकरण होता है जो भारी मात्रा में सामान को एक जगह से दूसरे जगह ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

कंपनी के अधिकारी ने कहा, ‘अभी तक घटनास्थल से तीन श्रमिकों के शव निकाले गए हैं, और एक श्रमिक गंभीर हालत में पाया गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है.’ उन्होंने बताया कि एक अन्य कर्मचारी लापता बताया जा रहा है और जिसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *