छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों का ऐक्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को बीजापुर में दो नक्सलियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है। इससे एक दिन पहले एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत 10 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।
शुक्रवार को सुबह जानकारी सामने आई कि छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। इस दौरान सुरक्षाबलों की तरफ से दावा किया गया था कि कुछ नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं। हालांकि, अभी तक किसी नक्सली का शव बरामद नहीं हुआ था।
इस मामले की जानकारी देते हुए सुरक्षाबलों ने बताया कि मुठभेड़ बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र के जंगलों में हुई है। उन्होंने बताया कि एंटी-नक्सल अभियान के दौरान निकली टीम पर गोलीबारी के बाद एनकाउंटर में दोनों नक्सली मारे गए हैं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गोलीबारी थमने के बाद जब तलाशी की गई तो दो नक्सलियों के शव, हथियार, और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि मौके .303 रायफल भी मिली है। सुरक्षाबलों ने बताया कि अभी भी ऑपरेशन चल रहा है।
इससे एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में भी भीषण मुठभेड़ हुए थी। इस मुठभेड़ में सीपीआई (M) की केंद्रीय समिति के सदस्य मोडेम बालकृष्ण को मार गिराया था। मोडेम के सिर पर कुल 1 करोड़ का इनाम था। इसके साथ ही सुरक्षाबलों ने 9 अन्य नक्सलियों को भी मार गिराया था।
मामले की जानकारी देते हुए सुरक्षाबलों ने बताया कि इस साल अब तक 243 नक्सलियों को एनकाउंटर में मारा गया है। इन मारे गए नक्सलियों में सबसे ज्यादा बस्तर संभाग के सात जिलों में और 27 नक्सली गरियाबंद में और दो नक्सली मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मारे गए हैं।