फाइनेंस का बड़ा प्लान! सरकार ट्रेजरी बिलों से जुटाएगी 3,84,000 करोड़

नयी दिल्ली, केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही (जनवरी-मार्च 2026) के लिए 3,84,000 करोड़ रुपये के ट्रेजरी बिलों की नीलामी का कैलेंडर जारी किया है।

ट्रेजरी बिल वह माध्यम है जिससे सरकार अल्पावधि ऋण जुटाती है। ये अंकित मूल्य से कम पर बेचे जाते हैं और मियाद पूरी होने पर टी-बिल खरीदने वाले को अंकित मूल्य के बराबर पैसा मिलता है।

वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि ये ट्रेजरी बिल 91 दिन, 182 दिन और 364 दिन की मियादों के साथ अलग-अलग मूल्य के लिए जारी किये जायेंगे। पहली नीलामी 07 जनवरी 2026 को और उसके बाद 25 मार्च तक हर सातवें दिन होगी।

कैलेंडर के मुताबिक, पहले पांच सप्ताह तीनों मियादों को मिलाकर कुल 29-29 हजार करोड़ रुपये के टी-बिल की नीलामी होगी। अगले छह सप्ताह कुल 34-34 हजार करोड़ रुपये के और 25 मार्च को 35 हजार करोड़ रुपये के टी-बिल की नीलामी होगी।

नीलामी के बाद अगले कार्य-दिवस पर टी-बिल जारी किये जायेंगे।

मंत्रालय ने बताया कि रिजर्व बैंक इस कैलेंडर और टी-बिल की प्रस्तावित नीलामी की राशि में भविष्य में बदलाव भी कर सकता है जिसकी सूचना प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *