IPL 2026 के अपने पहले मैच में फेल होने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खूब चला। 21 गेंदों पर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 4 चौकों और इतने ही गगनचुंबी छक्कों की मदद से 48 रनों की धुआंधार पारी खेली। हालांकि वह अर्धशतक से चूक गए और उनकी इस शानदार पारी का अंत एक विवादित कैच के साथ हुआ। ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अभिषेक आउट हुए। डीप मिड विकेट की दिशा में खड़े वरुण चक्रवर्ती ने उनका कैच पकड़ा। हालांकि कैच क्लीयर नहीं था, मगर थर्ड अंपायर ने काफी सारे एंगल से देखने के बाद उन्हें आउट दिया। अभिषेक के लिए मैच खत्म होने के बाद नई मुसीबत खड़ी हो गई है।
अभिषेक शर्मा ने KKR vs SRH मैच के दौरान आईपीएल कॉड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन किया है, जिस वजह से उन पर जुर्माना लगाया गया है, साथ ही डिमेरिट पॉइंट भी दिगाय गया है। हालांकि अभिषेक की गलती क्या थी यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। मगर इसे वरुण चक्रवर्ती के कैच से जुड़ा माना जा रहा है।
ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद के शानदार प्रदर्शन के बावजूद अभिषेक शर्मा गलत वजह से चर्चा में आ गए। गुरुवार के मैच के दौरान IPL कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने के लिए इस ऑलराउंडर पर मैच फीस का 25 परसेंट जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। अभिषेक ने आर्टिकल 2.3 के तहत लेवल 1 का अपराध माना और मैच रेफरी द्वारा लगाई गई सज़ा को भी मान लिया। IPL के नियमों के अनुसार, लेवल 1 के उल्लंघन पर फैसला आखिरी और मानने वाला होता है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारने के बावजूद दमखम दिखाया और पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 226 रन बोर्ड पर लगाए। ट्रैविस हेड (21 बॉल 46) और अभिषेक शर्मा (21 बॉल 48) ने तूफानी शुरुआत देते हुए 5.4 ओवर में पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। हालांकि दोनों बल्लेबाज अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने नंबर-4 पर आकर 52 रनों की शानदार पारी खेली, उनका साथ नीतिश कुमार रेड्डी ने 39 रन बनाकर दिया। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई।
इस स्कोर का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक पाई। हैदराबाद ने 16 ओवर में उन्हें 161 के स्कोर पर समेट दिया। जयदेव उनादकट ने 3 तो नीतिश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट चटाके। रेड्डी को उनके ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। अंगक्रिश रघुवंशी ने 52 रनों की शानदार पारी खेली।