स्कूटी के पीछे बाइक दौड़ाई, फिर युवती को किया बैड टच, लखनऊ में शर्मनाक हरकत का वीडियो वायरल, FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के शहीद पथ पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां स्कूटी सवार एक युवती के साथ बाइक सवार युवक ने छेड़छाड़ की. यह घटना रविवार रात करीब 10:15 बजे की है, जब पीड़िता अपने ऑफिस से घर लौट रही थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार युवक ने युवती का पीछा किया और बीच राह बैड टच करने की कोशिश की.

जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में प्राइवेट जॉब करती है. वह लखनऊ की LDA कॉलोनी में रहती है. रविवार की रात वह ऑफिस से घर लौट रही थी. जैसे ही वह लूलू मॉल के पास शहीद पथ पर पहुंची तो एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया.

युवक ने चलती बाइक पर बैड टच करने की कोशिश की. इस दौरान पीछे से आ रहे अन्य बाइक सवार ने इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

घटना के बाद पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत लखनऊ के बिजनौर थाने में दर्ज कराई. पीड़िता ने शिकायत में कहा कि घटना के दौरान युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की और बैड टच करने का प्रयास किया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाइक सवार की पहचान करने में जुट गई है. बाइक नंबर के आधार पर उसका पता लगाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *