उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के बाद खाली हुई विधानसभा सीटों के उपचुनाव में वोटों की गिनती जारी है. शुरुआती रुझानों को देखें तो भारतीय जनता पार्टी कुल 9 सीटों में से 6 सीटों पर आगे चल रही है. जबकि अखिलेश की साइकिल मात्र तीन सीटों पर ही आगे चल रही है. इस चुनाव के एग्जिट पोल्स में भी भाजपा ही बढ़त बनाए हुए थी. अधिकतर एग्जिट पोल्स में भाजपा को 7 सीट तो सपा के दो सीटों के जीतने का अनुमान था.
उत्तर प्रदेश की 9 सीटों में गाजियाबाद, मीरापुर, कुंदरकी, खैर, करहल, सीसामऊ, फूलपुर, कटेहरी, मांझवा शामिल हैं. गाजियाबाद से भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा आगे चल रहे हैं, वहीं समाजवादी पार्टी के सिंह राज जाटव दूसरे नंबर पर हैं. मीरापुर में एनडीए सहयोगी पार्टी आरएलडी से उम्मीदवार मिथलेश पाल आगे चल रह हैं जबकि समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सुंबुल राणा दूसरे नंबर पर हैं.
उत्तर प्रदेश की मुस्लिम बहुल कुंदरकी विधानसभा सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. यहां से भाजपा के उम्मीदवार रामवीर सिंह आगे चल रहे हैं जबकि समाजवादी पार्टी के मोहम्मद रिजवान दूसरे नंबर पर हैं. वहीं खैर सीट से बीजेपी उम्मीदवार सुंरेंद्र दिलेर आगे चल रहे हैं जबकि सपा उम्मीदवार चारू कैन दूसरे नंबर पर हैं.
सपा का गढ़ कही जाने वाली करहल सीट से मुलायम सिंह के दामाद और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव लगातार आगे बने हुए हैं. वहीं भाजपा के अनुजेश प्रताप सिंह दूसरे नंबर पर हैं.
उत्तर प्रदेश की सीसामऊ सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नसीम सोलंकी आगे चल रहे हैं. जबकि भारतीय जनता पार्टी के सुरेश अवस्थी पीछे चल रहे हैं. फूलपुर की बात करें तो यहां भाजपा के कैंडिडेट दीपक पटेल समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद मुजतबा सिद्दीकी पर बढ़त बनाए हुए हैं.
कटेहरी सीट पर भाजपा के धर्मराज निषाद जीत की ओर बढ़ रहे हैं. जबकि समाजवादी से उम्मीदवार लालजी वर्मा दूसरे नंबर पर हैं. मांझवा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सुचिस्मिता मौर्य आगे चल रही हैं. जबकि समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. ज्योति बिंद दूसरे नंबर पर हैं.
बता दें कि जैसे-जैसे काउंटिंग बढ़ रही हैं वैसे ही रुझान भी बदल रहे हैं. जिन सीटों की हम आपको जानकारी दे रहे हैं यह अभी तक आए रुझानों के अनुसार हैं.