दिल्ली में विधानसभा के विशेष सत्र के बीच पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, उन्होंने बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता से मुलाकात की और उनसे सवाल किया कि उनकी गिरफ्तारी से बीजेपी ने क्या हासिल किया. केजरीवाल का कहना है कि ‘इस पर उस नेता ने जवाब दिया कि “दिल्ली सरकार अब पटरी से उतर गई है और कई काम रुक गए हैं.”
केजरीवाल ने सवाल उठाया, “क्या मेरी गिरफ्तारी का मुख्य उद्देश्य दिल्ली सरकार को ठप करना और दिल्ली के लोगों को तकलीफ देना था?” उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वासन देते हुए कहा, “मैं वापस आ गया हूं — आपका काम पूरा होगा.” उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय की सड़कों से लेकर दिल्ली की बाकी सड़कों को भी ठीक किया जाएगा. इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री आतिशी से आग्रह किया है. उन्होंने यह भी कहा, “सारे काम फिर से शुरू करेंगे. मैं जेल में भी ऐक्शन मोड में था.
सीएम आतिशी और अरविंद केजरीवाल ने सड़कों का औचक निरीक्षण किया. दिल्ली की सड़कों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अचानक निरीक्षण किया. विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने से पहले दोनों नेता सड़कों की स्थिति का जायजा लेने निकले थे.