IAS फौजिया तरन्नुम पर BJP नेता ने की पाकिस्तानी वाली टिप्पणी

कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के MLC एन रविकुमार के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने जिला कलेक्टर फौजिया तरन्नुम को लेकर कहा कि वह ‘पाकिस्तान से आई हुईं’ लगती हैं। इस बयान के बाद कांग्रेस हरकत में आ गई है और भाजपा पर सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में कलेक्टर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रविकुमार 24 मई को भाजपा के कलबुर्गी चलो अभियान में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि जिला प्रशासन कांग्रेस सरकार के प्रभाव में काम कर रहा है।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘कलबुर्गी डीसी कार्यालय ने अपनी आजादी खो दी है। डीसी मैडम में वही सुन रही हैं, जो वो (कांग्रेस) कह रही है। मुझे नहीं पता कि डीसी पाकिस्तान से आईं हैं या यहां IAS अधिकारी हैं।’ तरन्नुम कलबुर्गी में कलेक्टर हैं। कहा जा रहा है कि हाल ही में चित्तापुर मामले के बाद उनका नाम राजनीतिक बयानों में आने लगा है।

कांग्रेस चीफ के बेटे को पद से हटाने की मांग

भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे को राज्य मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त करने की मांग को लेकर ‘कलबुर्गी चलो’ मार्च किया। भाजपा की ओर से यह विरोध प्रदर्शन 21 मई की घटना के मद्देनजर किया गया, जिसमें कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलबुर्गी जिले के चित्तपुर एक गेस्ट हाउस की घेराबंदी की थी, जहां कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालावाड़ी नारायणस्वामी ठहरे हुए थे। भाजपा ने इस घटना को ‘विपक्षी नेताओं को डराने का पूर्व नियोजित प्रयास’ करार दिया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कलबुर्गी की घटना अकेली नहीं है, बल्कि कांग्रेस शासन के तहत राजनीतिक धमकी के एक बड़े पैटर्न का यह हिस्सा है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई कार्रवाई नहीं की गई तो राज्यव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *