भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाल ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में गाजीपुर लैंडफिल साइट की वीडियो रिकॉर्डिंग करने पर उन्हें रोका और धमकाया गया। पूनावाला ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि ‘आम आदमी पार्टी के गुंडे’ उस कूड़े के पहाड़ को दिखाने नहीं दे रहे हैं, जिसे केजरीवाल ने 31 दिसंबर 2023 तक खत्म करने का वादा पिछले साल एमसीडी चुनाव के दौरान किया था। खबर लिखे जाने तक आम आदमी पार्टी की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी।
शहजाद पूनावाला दिल्ली की खबरें दिखाने वाले एक यूट्यूब चैनल की टीम के साथ लैंडफिल साइट पर पहुंचे थे। उन्होंने जो वीडियो शेयर किया है उसमें दिख रहा है कि पहले कुछ गार्ड उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं फिर कुछ अन्य लोग आकर कैमरा बंद करने को कहते हैं। पूनावाला और साइट पर मौजूद लोगों के बीच बहस होती है।
शहजाद पूनावाला ने एक्स पर लिखा, ‘आप के इको सिस्टिम के गुंडे! अरविंद केजरीवाल ने 2022 एमसीडी चुनाव से पहले वादा किया था कि गाजीपुर लैंडफिल साइट को 31 दिसंबर 2023 तक साफ कर दिया जाएगा लेकिन कूड़े का पहाड़ का ऊंचा होना जारी है। जब हमने सच्चाई को एक्सपोज किया तो ‘आप’ समर्थित गुंडों ने हमला कर दिया।’
शहजाद पूनावाला बहस के बाद वीडियो में कहते हैं, ‘केजरीवाल ने वादा किया था कि कूड़े का ढेर साफ कर दिया जाएगा। वह 2023 तक इसे खत्म करने वाले थे। हम लोग यहां आकर सच्चाई दिखाते हैं तो ये लोग धमकी देते हैं, कहते हैं कि रिकॉर्डिंग नहीं कर सकते हैं। यहां से मीथेन गैस निकलती है, बीमारियां होती हैं, यहां आग लगती है। दिखाओ तो गुंडागर्दी शुरू हो जाती है।’