कानपुर के पनकी क्षेत्र में बनाए गए आरओबी के ज्वाइंटर तीन महीने में ही खुल गए। इस खामी को छिपाने के लिए ज्वाइंट्स को बदलने का काम किया जा रहा है। इसका खुलासा उस समय हुआ जब भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी शुक्रवार को आरओबी का निरीक्षण करने पहुंच गए। वहां उन्हें दोनों पुलों के ज्वाइंटर खुले मिले। विधायक ने मौके पर इस लापरवाही का वीडियो बनाया और डीएम से बात की। डीएम ने आरओबी की आईआईटी से जांच कराने पर सहमति जताई। इस दौरान मैथानी ने कहा यहां मिली खामियों की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी की जाएगी।
भाजपा विधायक मैथाने ने ही इन दोनों आरओबी को पनकी पावर हाउस प्रोजेक्ट के तहत पास कराया था। इससे यह फायदा हुआ कि कोयला लदी रैक आने और जाने के दौरान लोगों को फंसना नहीं पड़ता है। लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से दोनों आरओबी सेतु निगम ने बनवाए थे। इलाकाई लोगों की शिकायत पर सुरेंद्र मैथानी शुक्रवार को दोनों पुल का दौरा किया। यहां ज्वाइंटर खुले मिले। जिसमें लोहे के गर्डर के स्थान पर सरिया डाली गई थी। इस मसले को डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में भी रखा गया था। लापरवाही पर तमतमाए सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि फ्लाईओर के ज्वाइंटर का मेंटिनेंस 30-40 साल में होता है। यहां तो यह तीन महीने में ही खुल गए।
उन्होंने कहा इसकी आईआईटी या एचबीटीयू से जांच करा दोषियों को दंडित कराएंगे। मौके पर खामी छिपाने के लिए जॉइंट्स को बदलने का काम किया जा रहा है। दोनों आरओबी से पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल या कार को ही निकलने की अनुमति है यदि इस पर भारी वाहन आए तो कोई हादसा भी हो सकता है। निरीक्षण में सुरेंद्र मैथानी के अलावा ललित उपाध्याय, पवन सविता, मोनू पांडे, श्रीमती भावना, अंशु वर्मा और संजीव दीक्षित रहे।
पनकी मंदिर के दोनों ओर पनकी पावर प्रोजेक्ट के तहत 60 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल के घटिया निर्माण पर सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। कहा है कि इसकी जांच करा दोषियों पर कार्रवाई कराएं। यह भी कहाकि तीन महीने में पुल दरकने और ज्वाइंटर खुलना भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
फर्रुखाबाद इकाई के राज्य सेतु निगम डिप्टी प्रोजेक्टर मैनेजर एके सिंह का कहना है कि पुल का निर्माण कराने वाली कंपनी को नोटिस दिया गया है। फिलहाल ज्वाइंटर को दुरुस्त कराने के लिए मरम्मत कराने के लिए आवागमन बंद है। दिवाली के पहले पनकी मंदिर के पास बना यह पुल खोल दिया जाएगा। डीएम की अनुमति पर मरम्मत का काम कराया जा रहा है।