भाजपा ने 12 सीटों पर कर दिया ऐसा खेल कि चुनाव बाद के समीकरण पर होने लगी चर्चा

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उलझने बेशुमार हैं। कभी राज्य में 4 दल हुआ करते थे, अब उनमें से ही दो में ऐसी टूट हुई है कि 6 पार्टियां बन चुकी हैं। यही नहीं इसके चलते चुनाव के बाद भी जटिल स्थिति पैदा हो सकती है। इसकी वजह यह है कि 6 दलों में से किसी एक को भी पूर्ण बहुमत मिलने के आसार कम ही हैं। ऐसे में गठबंधन सरकार ही बनेगी और चुनाव बाद स्थिति रोचक हो सकती है। खासतौर पर सीएम फेस को लेकर जो जद्दोजहद मचेगी, उसमें सीटों की संख्या मायने रखेगी। इस लिहाज से भाजपा शायद पहले से ही सतर्क है और उसने एक ऐसा दांव चल दिया है, जिसकी अभी से चर्चा होने लगी है।

भाजपा ने कुल 148 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि अपने 12 नेताओं को एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी से टिकट दिला दिया है। दरअसल भाजपा के रणनीतिकारों का कहना था कि वे हर हाल में 160 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। इसे लेकर महायुति में लंबी खींचतान हुई और अंत में जो समझौता हुआ, वह सबको हैरान करने वाला है। भाजपा के 8 नेताओं को एकनाथ शिंदे की शिवसेना से टिकट मिल गया है और 4 पर अजित पवार की एनसीपी से मिला है। इस तरह भाजपा भले ही सिंबल पर 148 सीटों पर लड़ रही है, लेकिन उसके कोटे में कुल 160 कैंडिडेट आए हैं।

अब चर्चा है कि इन 12 सीटों का नतीजा इलेक्शन के बाद मायने रखेगा। यदि किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला और भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सरकार बनाने की रेस में रही तो यहां से कुछ निकल सकता है। माना जा रहा है कि इसीलिए भाजपा ने 12 नेताओं को दूसरे दलों से लड़वा दिया। भाजपा के जो 12 नेता दूसरे दलों से उतरे हैं, उनमें प्रवक्ता शाइना एनसी भी शामिल हैं। वह मुंबा देवी सीट से एकनाथ शिंदे की पार्टी से उतरी हैं। इसके अलावा मुरजी पटेल को शिवसेना ने अंधेरी ईस्ट से उतारा है। संजना जाथधव को कन्नड़ नसे टिकट मिला है।

इन नेताओं के अलावा राजेंद्र राउत, नीलेश राणे, राजेंद्र गावित, विलास तारे, संतोष शेट्टी शिवसेना से उतरे हैं। अब एनसीपी की बात करें तो उससे भी संजय काका पाटिल, निशिकांत पाटिल, राजकुमार बडोले और प्रतापराव पाटिल को टिकट मिला है। ये सभी भाजपा के नेता रहे हैं और चुनाव से पहले एनसीपी में शामिल होकर लड़ रहे हैं। अब जानकारी मिली है कि इन लोगों का पालाबदल रणनीति के तहत हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *