आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है. संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा करना चाहती है. संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी 27 साल से दिल्ली में सरकार नहीं बना पाई है. लेकिन अब वो सीएम आवास पर कब्जा करना चाहती है. आप ने कहा कि 6 फ्लैग स्टाफ मुख्यमंत्री आतिशी को अलॉट नहीं किया गया है.
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि 6 फ्लैग स्टाफ आवास को अभी तक आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री आतिशी को अलॉट नहीं किया गया है. संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आवास को खाली कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद सीएम आवास आतिशी के नाम अलॉट नहीं किया गया है.
उधर, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल के द्वारा खाली किए घर को सील करने की मांग की. बीजेपी ने लगाया आरोप कि सीएम आतिशी ने दो घरों पर कब्जा किया है. बीजेपी ने कहा कि आतिशी ने AB-17 और 6 फ्लैग स्टाफ समेत दो बंगले पर कब्जा किया है. बीजेपी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने खाली किए गए आवास की चाबी न तो पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सौंपी है और न ही इसे मुख्यमंत्री दफ्तर के अधिकारियों को दिया है.
दरअसल, बीजेपी का आरोप है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपना बंगला अभी तक पूरी तरह खाली नहीं किया है. पार्टी ने दावा किया कि केजरीवाल ने सिर्फ एक वीडियो जारी कर नाटक रचा है, जबकि बंगले की चाबियां पीडब्ल्यूडी के अधिकारी विजय कुमार को दी जानी चाहिए थीं, लेकिन सीएम ऑफिस के स्पेशल सेक्रेटरी प्रवेश रंजन झा को दे दी गईं और फिर कुछ घंटे बाद चाबियां वापस ले ली गईं.
अरविंद केजरीवाल का नया एड्रेस मंडी हाउस के पास 5, फिरोजशाह रोड है, जो पंजाब से AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित किया गया था. आतिशी, दक्षिण दिल्ली के कालकाजी में अपने माता-पिता के साथ रहती थीं, जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया एबी-17 बंगले में रह रहे थे. पिछले हफ्ते सिसोदिया ने यह घर खाली कर दिया और आरपी रोड पर राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के आधिकारिक आवास में चले गए.