छत्तीसगढ़ में भाजपा का सदस्यता अभियान 3 सितंबर से, 50 लाख सदस्यों का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ में भाजपा का सदस्यता अभियान 3 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। 6 सितंबर से बूथों पर जाकर आम जनता को सदस्य बनाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस बार सदस्यता अभियान में मिस कॉल के जरिए लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया जाएगा, और सभी नए सदस्यों का विस्तृत रिकॉर्ड बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सुरक्षित रखा जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने पुराने 18 करोड़ सदस्यों की सदस्यता समाप्त करके पूरे देश में नए सदस्य बनाने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ में इस अभियान की तैयारी मंडल, जिला और संभाग स्तर पर की जा चुकी है। इस बार जिन लोगों को ऑनलाइन सदस्य बनाया जाएगा, उनका ऑफलाइन रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। पहले सिर्फ मिस कॉल के जरिए सदस्य बना दिया जाता था, लेकिन इस बार सभी सदस्यों की पूरी जानकारी एकत्रित की जाएगी।

भाजपा प्रदेश संगठन ने इस सदस्यता अभियान के तहत 50 लाख से अधिक नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश के लगभग 25 हजार बूथों पर हर बूथ से 200 नए सदस्य बनाए जाएंगे। इसके लिए बूथों पर ऑफलाइन फार्म भी भरे जाएंगे ताकि हर सदस्य का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके। रायपुर जिले के संयोजक सत्यम दुआ ने बताया कि रायपुर सहित पूरे प्रदेश में जहां भी सदस्य बनाए जाएंगे, उनका ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन फार्म भी भरा जाएगा, जिससे रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

सदस्यता अभियान के दौरान बनाए गए सदस्यों का रिकॉर्ड बूथ स्तर से शुरू होकर शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और अंततः प्रदेश स्तर तक सुरक्षित रखा जाएगा। प्रत्येक बूथ पर एक रजिस्टर बनाया जाएगा जिसमें सभी नए सदस्यों के नाम और जानकारी दर्ज की जाएगी। इस रजिस्टर की एक प्रति शक्ति केंद्रों, मंडलों और जिलों को भेजी जाएगी ताकि हर स्तर पर सदस्यों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।

सदस्यता अभियान की तैयारी को लेकर शनिवार को रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा सहित सभी पांच संभागों में कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इन कार्यशालाओं में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सदस्यता प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को अभियान से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर मार्गदर्शन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *