भैंस का परिचय पत्र- आधार कार्ड लाइए तब होगी FIR, पुलिस की बात से परेशान युवक ने SP से लगाई गुहार

हरदोई में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि वो अपनी भैंस चोरी की रिपोर्ट लिखाने टिड़ियावां थाने पहुंचा तो वहां उससे भैंस का ही आधार कार्ड और परिचय पत्र मांग लिया गया। युवक ने अब एसपी से गुहार लगाई है। मामले में जांच का आदेश दिया गया है। वहीं, पुलिस ने आरोपों को निराधार बताया है।

टड़ियावां थानाक्षेत्र के हरिहरपुर चौकी निवासी रंजीत ने बताया कि हरिहरपुर स्थित पुलिस चौकी के पास ही घर के पास टीन शेड है। यहां बंधी उसकी भैंस को 20 अक्तूबर की रात चोर खोल ले गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो उसने हरिहरपुर पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया। वहां पर चौकी इंचार्ज ने प्रार्थना पत्र लेने से मना कर दिया। फिर वह टड़ियावां थाना गया। आरोप है कि यहां पुलिसकर्मी ने बताया कि पहले भैंस का परिचय पत्र और आधार कार्ड लाइए। तब रिपोर्ट होगी। गुरुवार को पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए अपना दर्द सुनाया है।

कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि भैंस का आधार कार्ड व परिचय पत्र मांगने का आरोप पूरी तरह से निराधार है। दबाव बनाने के लिए झूठे आरोप लगाए हैं। वहीं, एसपी नीरज जादौन के मुताबिक, सीओ हरियावां को मामले की जांच सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *