उत्तर प्रदेश के बलिया में देवर ने पत्थर से कुचलकर भाभी की हत्या कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने परिजनों के शिकायत पर मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है. जल्द ही आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए बताया, शुक्रवार सुबह पारिवारिक विवाद के बाद 45 वर्षीय महिला की उसके देवरों ने पत्थर से कथित तौर पर हमला कर हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राजपूत नेवरी गांव निवासी संध्या गुप्ता के रूप में हुई है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि संध्या गुप्ता का अपने दो देवरों विजय गुप्ता और कृष्ण कुमार गुप्ता के साथ विवाद चल रहा था. झगड़े के दौरान देवरों ने संध्या के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया. मगर, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अधीक्षक विक्रांत वीर ने आगे बताया कि मृतक संध्या गुप्ता के परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आगे की जांच जारी है.