15 बीघा जमीन हड़पने के लिए जीजा ने किया था साले का मर्डर, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि जीजा ने अपने इकलौते साले की 15 बीघा जमीन हड़पने के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी. हत्या के बाद लाश को नहर किनारे झाड़ियों में छुपा दिया और परिवार के साथ मिलकर दिखावे के लिए उसकी तलाश भी करता रहा. पुलिस जांच के बाद जीजा और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है. 

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को ग्राम पुरुषोत्तमपुर निवासी रजत बिना बताए अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कहीं चले गए थे. जब काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला, तो 27 सितंबर को उनकी पत्नी रिमझिम ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई. पुलिस की टीमों ने जांच शुरू की. जिसके बाद 28 सितंबर को रजत की लाश नजीबाबाद के समीपुर नहर किनारे पटरी पर पड़ी मिली. लाश पर खासकर सिर के पीछे गहरी चोट के निशान थे.

इस मामले पर एसपी सिटी संजीव वाजपेई ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच की गई, जिसमें रजत के जीजा मोहित और उसके दोस्त जितेंद्र की संलिप्तता सामने आई. पूछताछ के दौरान मोहित ने कबूल किया कि रजत के पास 15 बीघा जमीन थी, जिसे वह अपनी पत्नी और साली के नाम पर कराना चाहता था. लेकिन रजत इसके लिए तैयार नहीं था, जिसके बाद उनके बीच खटपट शुरू हो गई थी. 

इसके अलावा, मोहित का दोस्त जितेंद्र भी रजत की छोटी बहन से चोरी-छिपे बात करता था, जिसका रजत विरोध करता था. इन वजहों से दोनों ने मिलकर रजत को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. 26 सितंबर को उन्होंने रजत को शराब पीने के बहाने बुलाया और नशे की हालत में लोहे की रोड और हाथ में पहने कड़े से रजत पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. फिर लाश को नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया और मोटरसाइकिल भी वहीं छुपा दिया.

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि रजत के चाचा नरेश ने भी इस षड्यंत्र में भूमिका निभाई. उसने मोहित को जमीन के हिस्से से मिलने वाले पैसे का लालच देकर हत्या के लिए उकसाया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके द्वारा इस्तेमाल की गई लोहे की रोड, कड़ा और रजत की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. दोनों को जेल भेज दिया गया है.  यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस की जांच में और भी खुलासे होने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *