यूपी के बस्ती में बिना आदेश बुलडोजर एक्शन हो गया। आरोप है कि सोनहा थानाक्षेत्र में पिरैला नरहरिया गांव की महिला ने अपने पुश्तैनी मकान को जबरन ढहाने का आरोप लगाया है। प्रकरण से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें पुलिस कर्मी व अन्य कुछ लोग कुर्सी पर बैठे और खड़े नजर आ रहे हैं। ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
प्रकरण में सीओ स्तर से जांच कर रिपोर्ट एसएचओ से मांगी गई है। पिरैला नरहरिया निवासी झिनकी पत्नी बिफई ने उच्चाधिकारियों को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सिद्धार्थनगर के तीन प्रापर्टी डीलरों ने उनके पुश्तैनी मकान को बिना किसी आदेश के जेसीबी लगाकर तोड़ दिया। विपक्षियों ने अन्य लोगों को बुलाकर मारापीटा। उन्होंने परिवार को जानमाल का खतरा बताते हुए प्रकरण में कार्रवाई की मांग की है। मामले में सीओ रुधौली स्तर से प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट एसएचओ सोनहा से मांगी है।
कहीं से नहीं हुआ था घर गिराने का आदेश
इस मामले में सबसे हैरानी वाली बात यह है कि महिला का घर गिराने का न तो किसी सक्षम प्राधिकारी न ही कोर्ट से कोई आदेश था। महिला के मुताबिक प्रॉपर्टी डीजर काफी समय से जगह खाली करने का दबाव बना रहे थे। परेशान होकर महिला ने तहसील दिवस में भी शिकायत की थी। उसकी शिकायत की अभी जांच चल रही है। महिला का आरोप है जांच पूरी हुए बिना ही उसका घर ढहा दिया गया। इस दौरान महिला मिन्नतें करती रही लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। आरोप है कि दबंग उसका घर को तोड़ कर उस का मलबा तक उठा ले गए।
क्या बोली पुलिस
पुलिस का कहना है कि महिला के शिकायती पत्र की जांच कराई जा रही है। एसओ खुद ही मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।