ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2 में गरजे बुलडोजर, 100 करोड़ की 10 हजार वर्गमीटर जमीन कब्जा मुक्त

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने पतवाड़ी गांव के पास बने सेक्टर-2 में 10 हजार वर्गमीटर जमीन पर हुए अवैध निर्माण पर सोमवार को बुलडोजर चला दिया। टीम ने अवैध निर्माण ढहाकर 10 आवंटियों को प्लॉट दिला दिए। यहां कब्जा मुक्त जमीन की कीमत 100 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की आवासीय योजना के अंतर्गत 10 आवंटियों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 के डी ब्लॉक में भूखंड आवंटित किए गए थे, लेकिन उक्त हिस्से की जमीन पर गांव के लोगों द्वारा अवैध निर्माण करने के चलते आवंटियों को कब्जा नहीं दिया जा सका। आवंटी प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से मिले। सीईओ के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम पतवाड़ी गांव में पहुंची और खसरा संख्या-1150 की लगभग 10 हजार वर्गमीटर जमीन पर हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-2 के डी ब्लॉक में 10 आवंटियों को उनके भूखंड पर कब्जा दिला दिया। 16 सालों के लंबे इंतजार के बाद भूखंड पर कब्जा मिलने से आवंटियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अवैध निर्माण टूटने से सेक्टर की नौ और 18 मीटर चौड़ी सड़क बनाने और हरित क्षेत्र विकसित करने का रास्ता भी साफ हो गया।

वहीं, नोएडा प्राधिकरण की अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। प्राधिकरण ने हाजीपुर और वाजिदपुर में सोमवार को कुछ इमारतों पर अवैध लिखवाकर उन्हें सील किया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध इमारतों को जल्द तोड़ा जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि वर्क सर्किल-9 के अंतर्गत नगली वाजिदपुर में खसरा नंबर-72, 168, 188, 197 और 204 पर सीलिंग की कार्रवाई की। वर्क सर्किल-8 के अंतर्गत हाजीपुर गांव के खसरा नंबर-237 की जमीन पर अवैध से बहुमंजिला भवनों का निर्माण हो रहा था। इन इमारतों को सील कर अवैध लिखवाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित खसरा नंबर पर जो लोग निर्माण कर रहे थे, उनको पूर्व में कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन उन्होंने निर्माण कार्य बंद नहीं किया। अब सीलिंग की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दावा किया कि जल्द सभी अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम का कहना है कि लोग भूमाफिया के चुंगल में न फंसे। प्राधिकरण और प्रशासन के दफ्तर जाकर जमीन की जांच करने के बाद ही जमीन या फ्लैट को खरीदें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *