बस ने कार को मारी टक्कर, विरोध करने पर नशे में धुत ड्राइवर ने महिला से की बदसलूकी

दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में नशे में धुत बस ड्राइवर ने एक कार को टक्कर मार दी और इसके बाद जब उसमें सवार दंपति ने इसका विरोध किया तो आरोपी ड्राइवर उनसे बदसलूकी करने लगा. अब दंपति ने आरोपी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है. 

वहीं इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता अभिषेक तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ कार से यात्रा कर रहे थे, तभी एक बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. जब उन्होंने ड्राइवर से बात करने की कोशिश की, तो उसने उनके और उनकी पत्नी के साथ बदसलूकी की.

थाना प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि तिवारी का आरोप है कि बस ड्राइवर नशे में था, घटना बढ़ने पर बस कंपनी का मैनेजर भी मौके पर पहुंचा और उसने भी दंपति से दुर्व्यवहार किया और धमकी दी. अभिषेक तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने बस ड्राइवर और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

पारदी गैंग के तीन इनामी अपराधी गिरफ्तार

वहीं एक अन्य मामले में नोएडा पुलिस ने सोमवार को पारदी गैंग के तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ये अपराधी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे कई राज्यों में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं.

पुलिस ने बताया कि इन तीनों अपराधियों वीरेंद्र वर्मा, हिमांशु और मयूर वर्मा के खिलाफ 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. तीनों पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था.

डीसीपी (जोन 1) राम बदन सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इन अपराधियों को गिरफ्तार किया. इनकी गिरफ्तारी से लूट और चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *