यूपी के सहारनपुर में जादूगर शो और डांस पार्टियों में काम करने वाली एक डांसर के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। थाना जनकपुरी क्षेत्र की रहने वाली इस डांसर ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर चार युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। डांसर का कहना है कि गैंगरेप के बाद उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंककर जान से मारने का प्रयास किया गया। इसमें उसके एक पैर की हड्डी तक टूट गई। डांसर ने आरोपियों पर उसके भाई को हत्या की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। एसएसपी ने संबंधित थाने को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
सोमवार को थाना जनकपुरी क्षेत्र की रहने वाली डांसर एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी को प्रार्थना देकर बताया कि वह मेलों में जादूगर शो और डांस पार्टियों में काम करती है। आरोप है कि इसी दौरान उसकी मुलाकात दूसरे वर्ग के चार युवकों से हो गई। आरोपी युवक भी मेलों में कार्यक्रम आदि करते हैं और शामली के झिंझाना निवासी है। आरोपी उसको अपने साथ डांस पार्टियों में ले जाने लगे। इस बीच उसको देह व्यापार में धकलने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, छोटे भाई को अगवा कर जान से मारने की कोशिश भी की।
डांसर ने आरोप लगाया कि चारों लड़कों ने उसे कई बार बंधक बनाकर गैंगरेप किया। गैंगरेप कर दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसके जरिए दूसरे जिले के कुछ लोगों पर अपनी दुश्मनी निकालने के लिए झूठा मुकदमा तक करवा दिया। एसएसपी ने प्रकरण में जांच के आदेश दिये हैं।