सीबीआई का बड़ा एक्शन: पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा के घर पर छापेमारी, कई मामलों में खंगाले जा रहे दस्तावेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा की मुश्किले कम होने का नाम नहीं ले रही है। टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। खबर है कि दिल्ली से आई सीबीआई की टीम ने टुटेजा के घर पर दबिश दी है। सीबीआई की टीम सुबह से आईएएस के घर पर दस्तावेज खंगाल रही है। सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई नान, महादेव ऐप, कोयला तथा आबकारी घोटालों से जुड़े मामलों में की जा रही है।

गौरतलब है कि पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को दो दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने शराब घोटाले मामले में एक साल से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के आधार पर सशर्त जमानत दी थी। हालांकि उन्हें केवल ईडी के केस में राहत मिली है।

बता दें कि उनके खिलाफ ईओडब्ल्यू ने भी केस दर्ज किया है, जिसकी वजह से जमानत मिलने के बाद भी वे जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। ईडी के अनुसार, भूपेश बघेल सरकार के समय सरकारी शराब के नाम पर 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का घोटाला किया गया है। यह भी आरोप है कि घोटाले को अनिल टुटेजा के अलावा आबकारी विभाग के एमडी अरुणपति त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर ने सिंडिकेट के जरिए अंजाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *