बीते सोमवार को विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 का दूसरा मुकाबला खेला गया। ये मैच सेंट्रल दिल्ली क्वींस और ईस्ट दिल्ली राइडर्स के बीच हुआ। इस दौरान दिल्ली क्वींस ने दिल्ली राइडर्स को अरुण जेटली स्टेडियम में सात विकेट से शिकस्त दी। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने की। इस दौरान उसने निराशाजनक प्रदर्शन किया। दिल्ली राइडर्स महज 16.4 ओवरों में सिर्फ 88 रन पर ढेर हो गई।
कप्तान प्रिया को नहीं मिला दूसरे खिलाड़ियों का साथ
दिल्ली राइडर्स को पहला झटका वंशिका के रूप में लगा। तब टीम का स्कोर 21 रन था। वंशिका ने आठ गेंदों का सामना करते हुए 15 रन की छोटी पारी खेली। जिसके बाद कप्तान प्रिया पुनिया ने पारी को संभाला। दिक्कत ये रही कि दूसरी तरफ से उनका साथ किसी खिलाड़ी से ठीक तरीके से नहीं दिया। जिसके बाद वो भी 19 गेंदों का सामना कर 22 रन बनाकर पवेलियन चली गई। उनकी इस पारी में चार चौके शामिल रहे। जब टीम की कप्तान प्रिया आउट हुई, तो उस वक्त टीम ने छह विकेट खो दिए थे। जबकि टीम का स्कोर सिर्फ 50 रन ही था।
निधी महतो ने लिए पांच विकेट
उनके अलावा नेहा छिल्लर ने 12, जबकि मयूरी सिंह ने 15 रन टीम के खाते में जोड़े, लेकिन ईस्ट दिल्ली राइडर्स सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंच सकीं। विपक्षी टीम की ओर से निधि महतो ने चार ओवरों में 20 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए, जबकि प्रिया मिश्रा और अवलीन कौर को एक-एक सफलता हाथ लगी। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने 15 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टीम को सलामी बल्लेबाजों ने मजबूत शुरुआत दिलाई। निशिका सिंह ने दीक्षा सिंह के साथ 9.1 ओवरों में 65 रन जुटाकर टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया। निशिका 24 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद दीक्षा शर्मा ने 40 गेंदों में एक छक्का और छह चौके जड़ते हुए क्वींस के खाते में 45 रन जोड़े। इनके अलावा साची ने 13 गेंदों में नाबाद 15 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से वंशिका ने आठ रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि पूर्वा ने एक शिकार किया।