गांजा तस्करी
CG पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ का गांजा जब्त, कंटेनर के गुप्त चैंबर में छिपाकर हो रही थी तस्करी
कवर्धा: छत्तीसगढ़ पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कबीरधाम पुलिस ने 5 करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया है, जो एक कंटेनर के गुप्त चैंबर में छिपाकर ओडिशा से राजस्थान तस्करी के लिए भेजा जा रहा था।
कैसे हुई कार्रवाई?
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नागालैंड पासिंग कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से राजस्थान भेजा जा रहा है। इस सूचना के आधार पर थाना चिल्फी पुलिस ने सीमा क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध कंटेनर को रोका।
- तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बनाए गए गुप्त चैंबर से 30-30 किलो की 30 बोरियों में भरकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
- कुल गांजा का वजन लगभग 9 क्विंटल (900 किलोग्राम) था।
- कुल मूल्य लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपये है, जिसे भी जब्त कर लिया गया है।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने आयाज खान (निवासी भरतपुर, राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी से और पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी और जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है। इस सफलता के बाद एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक सख्त संदेश है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान जारी रहेगा।