गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा मिलने से बवाल, आरोपी के पास थे 300 गंदे वीडियोज

एक बार फिर महिलाओं के वॉशरूम में हिडन कैमरा मिलने का मामला सामने आया है। घटना आंध्र प्रदेश की है। यहां एक गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम में कैमरा मिलने से बवाल हो गया है। खबर है कि इस मामले में आरोपी कॉलेज का ही छात्र है। फिलहाल, इस घटना की जांच जारी है। कुछ दिनों पहले एक कॉफी आउटलेट के वॉशरूम में भी हिडन कैमरा पाया गया था। तब कैफे का कर्मचारी ही आरोपी निकला था।

कैमरा मिलने के बाद आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में स्थित एसआर गुडलवल्लेरू इंजीनियरिंग कॉलेज में जमकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। घटना गुरुवार की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हॉस्टल की कई छात्राओं को न्याय की मांग के लिए नारेबाजी करते देखा गया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और कैंपस में महिलाओं की सुरक्षा उपायों की भी मांग की जा रही थी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान विजय के तौर पर हुई है, जो इसी कॉलेज का छात्र था। साथ ही उसके लैपटॉप से करीब 300 अश्लील वीडियो मिले हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को शक है कि उसने वीडियो अन्य छात्रों को भी बेचे हैं। हालांकि, विजय की गिरफ्तारी को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुछ दिनों पहले ही बेंगलुरु के एक कैफे थर्ड वेव कॉफी के वॉशरूम में कैमरा मिला था। आरोपी ने वॉशरूम के एक स्टॉल में स्मार्टफोन का कैमरा शुरू कर छिपा दिया था। खबरें हैं कि मोबाइल मिलने तक उसमें करीब 2 घंटे की रिकॉर्डिंग हो चुकी थी। खास बात है कि आरोपी ने फोन को फ्लाइट मोड पर रखकर छिपाया था। बाद में खुलासा हुआ कि फोन एक कर्मचारी का ही था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *