रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, करुणा और अपरिग्रह के उनके उपदेश आज भी मानव जीवन के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं।
उन्होंने कहा, “भगवान महावीर स्वामी का जीवन और उनकी शिक्षाएं हमें आत्मसंयम, त्याग, और सह-अस्तित्व की भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर हम समाज में शांति, सद्भाव और संतुलन स्थापित कर सकते हैं।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भगवान महावीर का संदेश केवल एक धर्म या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समूची मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे भगवान महावीर स्वामी की शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए हमेशा आगे आएं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को महावीर जयंती के इस विशेष अवसर पर एकता, शांति और प्रेम की भावना को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।