मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस भर्ती में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नौजवानों की योग्यता और परीक्षा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा

यदि किसी ने ऐसा करने की कोशिश की तो उसकी संपत्ति कुर्क कर गरीबों में बांट दी जाएगी। ऐसे लोगों की संपत्ति पर बुलडोजर भी चलेगा। मुजफ्फरनगर में वृहद रोजगार मेले में मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्षों में दो लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। 60 हजार पुलिस भर्ती से इसकी शुरुआत हो रही है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय दौरे पर सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में थे। सुबह सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पुलिस लाइन में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक की फिर सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। अफसरों को महिला अपराधों पर शत-प्रतिशत अंकुश लगाने और कठोर सजा दिलाने के आदेश दिए।

मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र स्थित बीईटी परिसर में रोजगार मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग देश को तोड़ने और बांटने की साजिश रच रहे हैं, जिसे किसी कीमत पर पूरा नहीं होने दिया जाएगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा कि भारत दुनिया की ताकत बन रहा है, जबकि अखिलेश यादव प्रदेश को नवाब ब्रांड दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 157.78 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और 158.14 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *