मुकेश सहनी के रास्ते पर चिराग पासवान? यूपी की 2 सीटों पर उपचुनाव लड़ेगी लोजपा-आर

पहली बार केंद्रीय मंत्री बनने के बाद अब तक चार महीने में चार बड़े मसलों पर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के स्टैंड से अलग बयान दे चुके चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास ने कहा है कि वो उत्तर प्रदेश विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव लड़ेगी। इन दोनों सीट पर भाजपा के विधायक रहे नेता सांसद बन गए हैं जिनके इस्तीफे की वजह से चुनाव हो रहा है। भाजपा ने यूपी की जिन 9 सीटों पर उपचुनाव लड़ने का फैसला किया है, उनमें दोनों सीट शामिल हैं। इस तरह चिराग की लोजपा-आर केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ रहते हुए भी यूपी में भाजपा के खिलाफ लड़ेगी।

लोजपा-रामविलास के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहा है कि पार्टी प्रयागराज जिले की फूलपुर विधानसभा सीट और मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट पर उपचुनाव में प्रत्याशी देगी। यूपी में 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने की वजह से बिहार में मंत्री रहे मुकेश सहनी का पद तो गया ही, साथ ही उनकी पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सारे विधायकों को भी भाजपा ने तोड़ लिया था। मुकेश साहनी तब से तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की अगुवाई वाले महागठबंधन के साथ चल रहे हैं।

वैसे, 2022 के यूपी चुनाव में भाजपा के खिलाफ मुकेश सहनी की वीआईपी के अलावा नीतीश कुमार की जेडीयू, चिराग की लोजपा-आर भी लड़ी थी लेकिन गाज सिर्फ सहनी पर ही गिरी। उस चुनाव में वीआईपी ने 53 सीट लड़ी थी और 0.14 परसेंट वोट के साथ सारी सीटों पर जमानत जब्त कराई थी। नीतीश कुमार की जेडीयू 27 सीट लड़ी और 26 सीट पर जमानत जब्त हो गई। जदयू को 0.11 परसेंट वोट मिले थे। चिराग की लोजपा-आर 21 सीट लड़ी थी और सब पर जमानत गंवा बैठी। चिराग की पार्टी को 0.01 परसेंट वोट मिला था।

हालांकि झारखंड विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान को भाजपा की तरफ से एक सीट ऑफर की जा रही है जबकि वो तीन सीट मांग रहे हैं। चिराग पासवान और भाजपा के झारखंड प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से गुरुवार को मुलाकात हुई है। हरियाणा में शपथ ग्रहण के लिए दोनों एक ही चार्टर्ड विमान से गए थे। चर्चा है कि चिराग को सरमा ने एक सीट पर तैयार कर लिया है। एनडीए की घटक जेडीयू को भाजपा झारखंड में दो सीट देने को तैयार है जबकि वो 11 सीट पर तैयारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *