पं. उपाध्याय की जयंती पर शहर जिला भाजपा की विचार गोष्ठी हुई

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी हम सब के प्रणेता- विजय शर्मा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की रायपुर जिला (शहर) इकाई के तत्वावधान में एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि पं. दीनदयाल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति त्याग, एकात्म मानववाद और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की चिंता को समर्पित रहा। उन्होंने केंद्र सरकार की वन नेशन–वन टैक्स की अवधारणा और जीएसटी रिफॉर्म पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि पहले हर राज्य की अलग-अलग कर नीतियों से व्यापारी परेशान रहते थे, किन्तु आज टैक्स व्यवस्था सरल हुई है और टैक्स देने वालों की संख्या दोगुनी हो चुकी है।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना साहू ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर स्वदेशी उत्पाद और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने में महती भूमिका निभाएंगे, जिससे राष्ट्र की आर्थिक नींव और मजबूत होगी।

जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने अपने अध्यक्षीय भाषण में दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, जीएसटी बचत उत्सव और आत्मनिर्भर भारत अभियान पर विस्तार से अपने विचार रखे तथा कार्यकर्ताओं से संकल्पबद्ध होकर संगठन को सशक्त करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *