मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एसजीपीजीआई की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया। इससे पहले सीएम ने सलोनी हार्ट सेंटर, एडवांस डायबिटीज सेंटर, टेली आईसीयू का निरीक्षण किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। साल 2017 से पहले जहां प्रदेश के 18 जिलों में ही मेडिकल कॉलेज थे, वहीं आज प्रदेश के 64 जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की ओर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उधर, यूपी की नौ विधानसभा सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा आज अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है। बताया जा रहा है कि प्रदेश से उम्मीदवारों के नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जा चुका है। भाजपा के आठ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द से जल्द हो सकता है। एक सीट पर रालोद लड़ सकती है। इन नौ सीटों के लिए 13 नवम्बर को मतदान होना है। नामांकन की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है। परिणाम 23 नवंबर को आएंगे।