सड़क निर्माण घोटाले में सीएम योगी का बड़ा ऐक्शन, एक एसई, दो एक्सईएन समेत 16 अभियंता सस्पेंड

सड़क निर्माण घोटाले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई की है। घटिया सामग्री का प्रयोग तथा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर शासन ने गुरुवार की देर शाम एक अधीक्षण अभियंता, दो अधिशासी अभियंता, चार सहायक अभियंता और सात अवर अभियंता को निलंबित कर दिया है। कुछ अन्य जिलों में भी इस तरह की खामियां मिलने की सूचना है जल्द ही कुछ और अभियंताओं पर निलंबन की गाज गिर सकती है। बतादें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में बनाई गई सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई गई। जांच में हरदोई जिले की चार सड़कों में कई अनियमितताएं पाई गई, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने विभागीय समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि प्रदेश में जो सड़कें बनाई जा रही हैं उसे शासन स्तर से टीमें भेजकर जांच कराई जाए। मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान, विभागाध्यक्ष योगेश पवार के नेतृत्व में जांच टीम करीब दस दिनों पहले हरदोई गई थी। वहां पर दो टीमें बनाकर कुल चार सड़कों की जांच की गई। मौके से निर्माण सामग्री के नमूने भी लिए गए। जांच में ये सभी नमूने फेल निकले। निर्माण में मानकों का उल्लंघन नहीं किए जाने का मामला पुष्ट होने पर शासन स्तर से कार्रवाई के लिए फाइल मुख्यमंत्री के पास भेजी गई थी।

मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद इन सड़कों के निर्माण से जुड़े 16 अभियंताओं को निलंबित कर दिया गया। एसई, एक्सईएन और एई का निलंबन आदेश प्रमुख सचिव ने जारी किया जबकि जेई का निलंबन आदेश विभागाध्यक्ष के स्तर से जारी किया गया है। बताया जाता है कि निर्माण में तारकोल की मात्रा कम मिलने के साथ ही बिटुमीन तथा अन्य सामग्री में भी कमियां पाई गई हैं। निलंबित किए गए अभियंताओं के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

हरदोई के अलावा मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारियों व शासन के अन्य अधिकारियों की टीमों ने बदायूं, बस्ती, जालौन, आजमगढ़, बलरामपुर, प्रतापगढ़, मुजफ्फरनगर, गाजीपुर व कानपुर जाकर सड़कों की जांच की थी। इनकी रिपोर्ट भी शासन को मिल चुकी है। इनमें से जहां भी कमिया पाई जाएंगी वहां पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

हरदोई की इन सड़कों की हुई थी जांच

  • बेहटा-मंसूरनगर मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढीकरण का कार्य,
  • पलिया-लखनऊ राष्ट्रीय मार्ग से रद्देपुर सकतपुर सांडी शाहाबाद मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढीकरण का कार्य
  • हरदोई-सांडी मार्ग के नवीनीकरण का कार्य
  • मझिला से खटेली मार्ग का विशेष मरम्मत

ये किए गए हैं निलंबित

तत्कालीन अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र, अधिशासी अभियंता सुमंत कुमार व शरद कुमार मिश्रा, सहायक अभियंता रीतेश कटियार, कृष्णकांत मिश्रा, संतोष कुमार पांडेय, जीएन सिंह व राजवीर सिंह तथा अवर अभियंता मोहम्मद शोएब, राजीव कुमार, अमर सिंह, रुचि गुप्ता, सत्येंद्र कुमार, अवधेश कुमार गुप्ता, मकरंद सिंह यादव और वीरेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *