CM योगी का बड़ा ऐलान: UP में 2 लाख नौजवानों को मिलेगी सरकारी नौकरी, बोले- परीक्षा में सेंधमारी की तो उठाकर…

उत्तर प्रदेश में दो लाख नई भर्तियां होने वाली हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले 2 वर्षों में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है. सीएम योगी ने कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कहा कि अगले दो वर्षों के अंदर हम 2 लाख सरकारी नौकरी नौजवानों को देने जा रहे हैं. यूपी पुलिस में 1 लाख भर्तियां होगीं, जिनमें 20 फीसदी महिलाओं को भर्ती किया जाएगा. 

दरअसल, गुरुवार को सीएम योगी जनपद कानपुर नगर में 1,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्यमियों को ऋण एवं लगभग 8,000 युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन वितरित करने हेतु आयोजित कार्यक्रम में पहुंच थे. इस अवसर पर जनपद के समग्र विकास के लिए 745 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास भी किया. इस मौके पर सीएम योगी ने अगले दो साल में 2 लाख सरकारी भर्तियों की घोषणा की.
कानपुर में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस में 1 लाख भर्तियों में से 60,244 कॉन्स्टेबल पदों की भर्ती परीक्षा चल रही है. आप देख रहे होंगे परीक्षा में परिंदा भी पर नहीं मार सकता. परीक्षा में सेंध लगाने का कोई दुस्साहस भी नहीं कर सकता. अगर कोई किसी ने दुस्साहस किया चाहे वह कहीं का भी उसे उठाकर आजीवन कारावास की सजा, एक करोड़ रुपये जुर्माना और संपत्ति की जब्तीकरण की कार्रवाई के साथ जोड़ रहे हैं.


इससे पहले 17 अगस्त को अंबेडकर नगर में एक सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा था कि रक्षाबंधन पर्व के बाद यूपी पुलिस में 60 हजार से अधिक नौजवानों की भर्ती एक साथ होगी. उन्होंने था कहा, “7 साल पहले उत्तर प्रदेश को भारत का ‘डार्क स्पॉट’ माना जाता था. ऐसा कहा जाता था कि यूपी भारत के विकास में बाधक है और आज यूपी एक ब्राइट स्पॉट बन गया है और सबसे आगे है. भारत के विकास में योगदान देने में यहां दंगे और अराजकता थी, माफिया हावी थे, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, आज यूपी निवेश के लिए एक ड्रीम डेस्टिनेशन है. हम किसी को भी भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे.

बता दें कि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को कुल 60,244 खाली पदों को भरने के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है. कुल 10 शिफ्ट में चल रही इस भर्ती परीक्षा के लिए राज्य के 67 जिलों के 1176 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. कुल 60,244 रिक्तियों के लिए 48 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. पिछले तीन दिन (23, 24 और 25 अगस्त) की भर्ती परीक्षा में 29 FIR दर्ज की गई हैं और 3 सिपाही समेत 40 अभ्यर्थी व सॉल्वर गिरफ्तार हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *