यात्रियों के सुरक्षा के खातिर सीएम के फरमान के 20 घंटे के भीतर लखनऊ में 35 बिना परमिट बसें और बिना फिटनेस के करीब 50 वाहन पकड़े गए। सभी वाहन रोडवेज के आमौसी स्थिति कार्यशाला में बंद कराए गए। आरटीओ के अधिकारियों का दावा है कि फोर्स की कमी से व्यापक अभियान नहीं चला पा रहे थे। पुलिस का सहयोग मिला है तो व्यापक कार्रवाई की गई है। यह लगातार अभियान जारी रहेगा।
आरटीओ प्रवर्तन संदीप कुमार पंकज ने बताया कि मंगलवार की रात 10:30 बजे से अहिमामऊ चौराहे पर स्थानीय पुलिस की मदद से अनधिकृत संचालन के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान वहां से 50 वाहनों को सीज किया गया है। इनमें से अधिकांश चार पहिया वाहन हैं जो प्राइवेट नंबर के होने के बाद भी सवारियां भर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसमें स्थानीय पुलिस ने काफी मदद की है। वहीं बुधवार की सुबह से ही चिनहट से कमता के बीच अभियान चलाया गया, जहां पर दोपहर तक 35 बड़ी बसों को सीज किया गया है। ये बसें अनधिकृत रुप से बस अड्डे के सामने जाकर सवारियां भर रहीं थीं।