कलेक्टर ने शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय कमरौद का किया निरीक्षण

बालोद . कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज गुण्डरदेही विकासखण्ड के शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय कमरौद का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज हेतु पहुँचे मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल पूछा। इसके अलावा उन्होंने मौके पर उपस्थित मरीजों एवं ग्रामीणों से अस्पताल के व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। 

केलक्टर चन्द्रवाल ने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था, दवाईयों की उपलब्धता एवं इलाज हेतु अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मौके पर इलाज हेतु पहुँचे ग्राम पिरीद निवासी मुकुंदराम निर्मलकर, सेवकराम एवं सुरेश कुमार ने शासकीय आयुर्वेद अस्पताल कमरौद में इलाज की बेहतर व्यवस्था के अलावा समुचित मात्रा में दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित होने की जानकारी दी। मरीजों एवं ग्रामीणों ने अस्पताल की बेहतर व्यवस्था की सराहना भी की।

इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने शासकीय आयुर्वेद अस्पताल के औषधि संधारण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं शासकीय आयुर्वेद अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक से अस्पताल एवं औषधालय में उपलब्ध दवाईयों के संबंध में भी जानकारी ली। चन्द्रवाल ने शासकीय आयुर्वेद अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों को अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय एवं मधुर बातचीत कर उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *