इमारत हादसे में जांच के लिए 3 सदस्यों की बनी कमेटी, बिल्डिंग गिरने से हुई थी 8 की मौत

यूपी की राजधानी लखनऊ में इमारत गिरने के बाद हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया है. इस हादसे में आठ लोगों की जान चली गई थी. इस घटना की जांच के लिए रविवार को योगी सरकार ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल जाकर इस हादसे में घायल लोगों से भी मुलाकात की थी.

बता दें कि यह हादसा शनिवार को सरोजनीनगर में हुआ था जहां एक कमर्शियल इमारत गिर गई थी. इस मामले में  सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि कारणों के तह तक जाकर जांच की जाए जिसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित समिति की अध्यक्षता गृह विभाग के सचिव संजीव गुप्ता करेंगे, जिन्हें पैनल का अध्यक्ष बनाया गया है. आवास और शहरी नियोजन विभाग के सचिव बलकार सिंह और विजय कनौजिया, मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र), लोक निर्माण विभाग, लखनऊ, समिति के दो अन्य सदस्य हैं.

इसको लेकर जारी बयान में कहा गया है कि ‘जांच समिति से अपेक्षा है कि घटना के कारणों की जांच कर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी.’ लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में शनिवार शाम एक तीन मंजिला इमारत गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई थी और 28 अन्य घायल हो गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *