कांग्रेस की अंतर्कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। अब तक शशि थरूर के बयान ही पार्टी की टेंशन बढ़ाते थे, लेकिन अब पुराने वफादारों में से एक दिग्विजय सिंह के एक बयान ने भी चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने बीते सप्ताह पीएम नरेंद्र मोदी की एक फोटो शेयर की थी, जिसमें वह दरी पर बैठे दिखते हैं, जबकि लालकृष्ण आडवाणी समेत कई नेता कुर्सियों पर होते हैं। ऐसे में उनके पीएम बनने की कहानी को आरएसएस और भाजपा की सफलता बताते हुए दिग्विजय सिंह ने उनकी सराहना की थी। उनके इस पोस्ट का उद्देश्य क्या था। इस पर दिग्विजय सिंह सफाई ही दे रहे हैं, लेकिन विवाद बढ़ चुका है। अब तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने दिग्विजय पर बिना नाम लिए सवाल उठाए हैं।
रेवंत रेड्डी ने एक ट्वीट किया है, जिसमें सोनिया गांधी की तारीफ की है। दिग्विजय सिंह की ओर से पीएम मोदी को लेकर लिखे जाने का जवाब रेवंत रेड्डी ने नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह का जिक्र करके दिया है। इसके अलावा पार्टी की लीडर सोनिया गांधी की तारीफ की है। रेवंत रेड्डी ने लिखा, ‘140 साल पहले कांग्रेस की स्थापना हुई थी। कांग्रेस की कहानी भारतीय लोकतंत्र की भी कहानी है। सोनिया गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सेवा, प्रतिबद्धता और मूल्यों की राजनीति की है। उनकी लीडरशिप में तेलंगाना के एक सुदूर गांव के रहने वाले पीवी नरसिम्हा राव गारू पीएम बने थे। फिर उन्होंने ही अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह को पीएम बनाया।’
वह लिखते हैं कि भारत के स्वाधीनता संग्राम का नेतृत्व करने के साथ ही संविधान निर्माण तक में कांग्रेस की भूमिका थी। इसके अलावा ज्यादातर लोकतांत्रिक संस्थानों का गठन कांग्रेस की लीडरशिप में ही हुआ। कांग्रेस ने आधुनिक भारत के हर अध्याय की रचना की है। इस तरह सीएम रेड्डी ने दिग्विजय सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन दो प्रधानमंत्रियों का जिक्र करके साफ कर दिया कि उनका इशारा किधर है। बता दें कि शशि थरूर के बयान से पहले ही कांग्रेस असहज रही है। ऐसे में अब दिग्विजय सिंह के ट्वीट ने एक नई बहस को जन्म दिया है। यह दूसरा मौका है, जब दिग्विजय सिंह ने किसी मसले पर आरएसएस की तारीफ की है।