यूपी के संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हुई हिंसा के बाद 10 दिसम्बर तक बिना इजाजत बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगी हुई है। इस बीच आज संभल जाने की मांग पर अड़े कांग्रेसियों को पुलिस ने उनके लखनऊ स्थित कार्यालय में ही रोक दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी यहां नजरबंद हैं। इस बीच अजय राय ने एएनआई से कहा- “उन्होंने मुझे नोटिस जारी किया है और कहा है कि मेरे दौरे से अव्यवस्था फैलेगी। निश्चित रूप से हम भी अव्यवस्था नहीं बल्कि शांति चाहते हैं। पुलिस और सरकार ने वहां जो अत्याचार और अन्याय किया है, मैं चाहता हूं कि मेरे नेतृत्व को यह पता चले। उन्होंने (पुलिस ने) मुझे नोटिस दिया है लेकिन मैं वहां शांतिपूर्वक जाऊंगा…।”
उधर, मौसम विभाग ने यूपी में चार दिसम्बर से पुरवाई चलने और ठंड बढ़ने की भविष्यवाणी की है। विशेषज्ञों का कहना है कि यूपी में रातें और सर्द होने वाली हैं। यहां घना कोहरा भी छाए रहने की उम्मीद है। चार दिसंबर से फेंगल तूफान के असर से प्रदेश में पुरवाई चलने की संभावना है। चार दिसम्बर के बाद तापमान में गिरावट के साथ मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम में हल्का बदलाव शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। अधिकतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में घना कोहरा होने की वजह से हवा में ठंडक बढ़ रही है। फिलहाल तापमान में 1.0 से 1.5 के आसपास ही परिवर्तन होगा। इसके बाद तापमान फिर थोड़ा ऊपर आएगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार रविवार को सुबह कोहरा हो सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।