रायपुर. छत्तीसढ़ कांग्रेस राज्य में सड़कों पर उतरेगी और बड़े आंदोलन करेगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि हाल ही दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की. इस दौरान एक बैठक भी हुई. इस बैठक में मोइली कमेटी पर भी चर्चा हुई. पार्टी ने इस बात पर विचार किया कि लोकसभा, विधानसभा चुनाव में क्या कमी रह गई और उसे कैसे दूर कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ भविष्य की गतिविधियों पर बात हुई.
बैठक में जनहित के कुछ एजेंडे तय हुए हैं. जल्द ही उन एजेंडो पर लड़ाई लड़ी जाएगी. इस मामले में पार्टी जल्द ही गाइडलाइन जारी करेगी. उस गाइडलाइन पर यहां भी काम करेंगे. बैज ने कहा कि केंद्र के खिलाफ लड़ाई के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं. कमियों को दूर करने के लिए जो सुझाव आएंगे उन पर काम करेंगे. साथ ही, पार्टी को और मजबूत करेंगे.
कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव पर दीपक बैज ने कहा कि हमारा एक बूथ का कार्यकर्ता भी अध्यक्ष बनने के काबिल है. हाईकमान जिसे भी जिम्मेदारी देंगे वह प्रदेश का नेतृत्व करेगा. अभी मुझे हाईकमान ने जिम्मेदारी दी है. मैं पार्टी का ईमानदारी के साथ काम कर रहा हूं. हमारा एक-एक कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बनने के लायक है, सक्षम है, काबिल है. बैज ने कहा कि हर शख्स राजनीति की दौड़ में शामिल है. दौड़ में कौन शामिल नहीं होता. हर शख्स की इच्छा होती है. इसमें कोई बुराई नहीं.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के तमाम सीनियर नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए लॉबिंग करनी शुरू कर दी है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि बदलाव तो होगा, लेकिन कब तक होगा, यह नहीं कहा जा सकता. कयास लगाए जा रहे हैं कि नगरीय निकाय चुनाव के बाद यह बदलाव हो सकते हैं. बता दें, हाल ही में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने न्यूज18 से कहा था कि मैंने हाईकमान को यह बताया है कि मैं संगठन में किसी भी तरह की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं. अगर मुझे कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलती है तो वो भी मैं लेने को तैयार हूं.