छत्तीसगढ़ में अपराधों की बढ़ती घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने साय सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह प्रदेश में हो रही अपराध की घटनाओं को दबाने की कोशिश कर रही है और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।
दीपक बैज ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। पिछले 9 महीनों में 3000 से अधिक महिलाओं के खिलाफ अपराध हुए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा में असफल रही है। उन्होंने भिलाई में हाल ही में हुई एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे शासन और प्रशासन द्वारा दबाने की कोशिश की गई है, जो निंदनीय है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2 सितंबर को जिले स्तर पर कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, जिसमें राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और वसूली की समस्याओं को उजागर किया जाएगा। इसके बाद, 3 सितंबर को पूरे प्रदेश में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में सरकार की नाकामियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
दीपक बैज ने राज्य सरकार और मंत्रिमंडल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जमाखोरी में व्यस्त हैं, जबकि मुख्यमंत्री डर और सहमे हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है और इस गंभीर स्थिति को सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। बैज ने आरोप लगाया कि हर विभाग अब सरकार के लिए वसूली का अड्डा बन चुका है और भ्रष्टाचार तीन गुना बढ़ गया है।