कांस्टेबल की अवैध वसूली के चलते हुआ विवाद, ग्रामीणों ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में एक युवक की मौत के बाद पुलिस और ग्रामीणों में जमकर बवाल हुआ. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला किया और दौड़ा-दौड़ाकर पत्थर-डंडे मारे. पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर वर्दी तक फाड़ दी. पुलिस पर हमले की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया और भारी पुलिस फोर्स के साथ बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए.  दरअसल, लोकेश उर्फ मोनू सैनी (27) की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई थी. ग्रामीणों ने इस घटना के लिए स्थानीय पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है. 

ग्रामीणों का आरोप है कि ये सब पुलिस की अवैध वसूली के चलते हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर पलटा नहीं बल्कि युवक के साथ मारपीट की गई. टैक्टर चालक खेत से मिट्टी उठाने जा रहा था. तभी अवैध वसूली की नियत से सिपाहियों ने उसे दौड़ा लिया और एक किलोमीटर दूर उसका शव पड़ा मिला. इस मामले में चार पुलिसकर्मियों पर हत्या व धमकी की धारा में केस दर्ज क‍िया गया है. सिपाही अनीस और नरेश को नामजद हैं. 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं. एसएसपी सतपाल अंतिल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों अनीस और नरेंद्र के अलावा तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. साथ ही साक्ष्य और जांच के आदेश दे दिए हैं. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था है पुलिस फोर्स तैनात है. 

वहीं, गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि वह तभी मानेंगे जब पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा. भीड़ के हमले में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्षता से की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *